शशि कपूर जी का अंतिम संस्कार, बॉलीवुड ने दी नम आंखों से विदाई

Shashi Kapoor Crimeted

Share Now

कल शाम मुंबई के कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल में शशि कपूर जी ने अंतिम सांस ली। वो ७९ वर्ष के थे। इनके निधन के साथ ही कपूर खानदान की दूसरी पीढ़ी का अंत हो चुका है। मुंबई के सांताक्रूज में उनके पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

इस मौके पर पूरे कपूर खानदान के साथ बॉलीवुड के सभी बड़े दिग्गज और सरकारी अधिकारी मौजूद थे। उनके अंतिम संस्कार के लिए उनके बच्चों संजना कपूर और करण कपूर का इंतजार किया जा रहा था। उन दोनों के अमेरिका से मुंबई लौटते ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। शशि कपूर जी के निधन से दुखी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने इनकी याद में एक ब्लॉग भी लिखा।

अमिताभ बच्चन और शशि कपूर काफी करीबी दोस्त थे। दोनों ने एक साथ “दीवार”, “सुहाग”, “त्रिशूल” जैसी फिल्मों में काम किया था। अमिताभ बच्चन ने रूमी जाफरी के एक शेर से अपने ब्लॉग की शुरुआत की। ये शेर इस प्रकार था-

“हम जिंदगी को अपनी कहां तक सम्भालते
इस क़ीमती किताब का कागज खराब था”

शशि कपूर जी तीन बार नेशनल अवॉर्ड से नवाजे गए थे

अमिताभ ने अपने ब्लॉग में लिखा कि वह किस प्रकार शशि कपूर से प्रभावित थे। अपने ब्लॉग पर अमिताभ बच्चन ने शशि कपूर से जुड़ी कई सारी यादें साझा की है। उन्होंने लिखा कि किस तरह से वह शशि कपूर के हेयरस्टाइल, और उनके बिहेवियर को कॉपी करते थे। अमिताभ ने बताया कि उन्हें शशि कपूर के घुंघराले बाल जो बड़ी बेतरतीबी से उनके माथे पर और कान के पास बिखरे रहते थे, बहुत पसंद थे।

इस ब्लॉग में अमिताभ जी ने यह भी बताया है कि शशि कपूर उन्हें ”बबुआ” कहकर बुलाते थे। जैसे ही शशि कपूर के निधन की खबर आई तो उनके अंतिम दर्शन को बॉलीवुड से तमाम स्टार्स इकठ्ठा होने लगे। अमिताभ बच्चन अपने पूरे परिवार के साथ कपूर खानदान की इस शोक बेला में शामिल रहे।

राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित कई बड़ें नेताओं ने ट्वीट कर शशि कपूर को श्रद्धांजलि दी। ज्ञात हो कि शशि कपूर जी पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। शशि कपूर को शनिवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद एडमिट किया गया था।

६० और ७० के दशक में उन्होंने जब-जब फूल खिले, कन्यादान, शर्मीली, आ गले लग जा, रोटी कपड़ा और मकान, चोर मचाए शोर, दीवार,कभी-कभी और फकीरा जैसी कई हिट फिल्में दी थीं। शशि कपूर को तीन बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है। वर्ष २०१५ में उनको २०१४ के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया था।

4 thoughts on “शशि कपूर जी का अंतिम संस्कार, बॉलीवुड ने दी नम आंखों से विदाई”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *